प्रेस विज्ञाप्ति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यमुना परिवार काउंसिल एवं कालकाजी पीपुल्स फाउंडेशन द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन। नई दिल्ली, 21 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यमुना परिवार काउंसिल एवं कालकाजी पीपुल्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘ आस्था कुंज पार्क ’, नेहरू प्लेस, कालकाजी, दक्षिण दिल्ली मं भव्य योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संपूर्ण दिल्ली क्षेत्र व विशेष रूप से कालकाजी क्षेत्र से यमुना साधकों, योगाचार्यों, समाजसेवियों, स्थानीय निवासियों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की व योग आसन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता काउंसिल के निदेशक श्री कपिल गर्ग द्वारा की गई। यमुना परिवार काउंसिल के निदेशक श्री कपिल गर्ग जी ने उपस्थित सभी योग साधकों का धन्यवाद व्यक्त किया। श्री गर्ग जी ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। जिस प्रकार योग शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है, उसी प्रकार हमें अपने पर्यावरण एवं माँ यमुना के संरक्षण के प्रति भी सजग रहना चाहिए। योग और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही मानव जीवन के कल्याण के महत्त्वपूर्ण आधार हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संदेश का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री जी के सतत प्रयासों से योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है तथा विश्वभर में करोड़ों लोग स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपना रहे हैं। इस वर्ष के योग दिवस का संदेश भी स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन एवं सामूहिक कल्याण को समर्पित रहा। कार्यक्रम में योगाचार्य श्री मुकेष सोलंकी व कवि दास प्रेम द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही कुछ बच्चों योग प्रस्तुति भी किया। उपस्थित लोगों को नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी किया गया। योग कार्यक्रम की संयोजिका कंचन गर्ग ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। नियमित योग के द्वारा हम स्वयं को निरोग रख सकते हैं तथा एक स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। अंत में उपस्थित सभी यमुना साधकों एवं नागरिकों ने माँ यमुना के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा स्वस्थ भारत के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर ‘माँ यमुना की जय’, ‘स्वस्थ भारत - सशक्त भारत’ एवं ‘योगमय जीवन - निरोग जीवन- के उद्घोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। तत्पश्चात सभी प्रतिभागियों ने जल पान किया एवं स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए नियमित योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

























 

Comments